यूपी के सीतापुर में चोरी की एक अजब वारदात सामने आई है जिसमें एक युवक ने चोरी ही नहीं की बल्कि अपनी दरियादिली भी दिखाई। चोर दुकान में रखा रोटरी वेटर चोरी कर ले गया। लेकिन वारदात से पहले उसने दुकानदार के नाम एक पत्र लिखा और तीन साल में ब्याज सहित रुपया देने की बात कही।

वापस रखते समय पकड़ा गया
चोर ने अपने इन हालातों का दोषी अपने दोस्तों को बताया। लेकिन चोरी का रोटरी वेटर काम का न निकलने पर चोर अपने साथी के साथ दुकानदार के यहां वापस रखने पहुंचा जहां ग्रामीणों ने चोर को उसके साथी के साथ पकड़ लिया। इतना ही नहीं चोरी किए गए रोटरी वेटर के साथ ट्रैक्टर को भी बरामद किया।
दुकानदार को दी ‘ईमानदारी’ की गारंटी
यह पूरा मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का है। आरोपी युवक सुयश पटेल अपने एक साथी के साथ दुकान से रोटा वेटर समझकर रोटरी वेटर उठा ले गया था। चोरी के बाद उसने एक लेटर भी छोड़ा, जिसमें स्वयं को मजबूर बताते हुए माफी मांगी गई थी। पत्र में लिखा था कि आर्थिक तंगी और दोस्तों की वजह से परेशानी में आने के चलते मशीन ले जानी पड़ रही है, लेकिन तीन साल के भीतर पूरी रकम लौटा दी जाएगी।
पत्र में क्याक्या लिखा?
चोर ने लिखा, ”जय श्री राम, मैं आपका यह उपकरण लेकर जा रहा हूं जिसका अगर मैं मूल्य लगाऊं तो 90,000 है और 3 साल में 10% के हिसाब से 27,000 ब्याज होगा जो कि टोटल 1,17,000 होता है जो कि आपको 3 वर्ष के समयांतराल के अंदर मिल जाएंगे। ईश्वर आपको दिन रात तरक्की दे। मैं आपको यह भरोसा दिलाता हूं कि यह ओछा कार्य अपने अत्यंत कठिन समय कारण कर रहा हूं जिसमें मेरे ही कुछ खास दोस्तों का ही हाथ है जिन्होंने मुझे बर्बाद करने की कोशिश की और सारे उपकरण उठा ले गए। कृपया विश्वास करें। धन्यवाद भाई।”
ट्रैक्टर पर लादकर लौटाने पहुंचा सामान
इधर जब आरोपी मशीन को इस्तेमाल नहीं कर पाया और उसे बेकार समझा, तो देर रात ट्रैक्टर पर लादकर वापस दुकान पर रखने पहुंच गया। इसी दौरान दुकानदार को भनक लग गई और उसने ग्रामीणों की मदद से आरोपी युवक व उसके साथी को पकड़ लिया। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। दोनों के कब्जे से मशीन और ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी लबरहा गांव के रहने वाले हैं। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





