संभल में फिल्मी स्टंट,बाइक को टक्कर मार भाग रही कार के बोनट पर लटका दामाद,100 मीटर तक घसीटा​

संभल । उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ चंदौसीमुरादाबाद रोड पर अकरौली चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद जब बेरहम कार चालक ने भागने की कोशिश की, तो घायल बुजुर्ग को बचाने और आरोपी को रोकने के लिए उनका दामाद कार के बोनट पर ही लटक गया।

संभल में फिल्मी स्टंट,बाइक को टक्कर मार भाग रही कार के बोनट पर लटका दामाद,100 मीटर तक घसीटा​

दिल दहला देने वाली बात यह रही कि चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी और बोनट पर लटके युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ससुर से मिलने चौराहे पर रुके थे दामाद, तभी पीछे से आई ‘काल’ बनी कार
मिली जानकारी के अनुसार, चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के विकास नगर के रहने वाले द्विजेंद्र कुमार राघव शुक्रवार शाम को बाइक से मुरादाबाद से वापस लौट रहे थे। बनियाठेर थाना क्षेत्र के अकरौली चौराहे के पास वह अपने दामाद श्यामेंद्र से मिलने के लिए रुके थे। दोनों बातचीत कर ही रहे थे कि तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि द्विजेंद्र कुमार राघव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

जान की परवाह किए बिना बोनट पर कूदा दामाद
ससुर को लहूलुहान हालत में देख मौके पर मौजूद दामाद श्यामेंद्र ने भाग रही कार को रोकने का प्रयास किया। वह कार के ठीक आगे खड़े हो गए, लेकिन सनकी चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय कार को आगे बढ़ा दिया।

100 मीटर तक का खौफनाक सफर: खुद को बचाने के लिए श्यामेंद्र तुरंत कार के बोनट पर कूद गए और उसे मजबूती से पकड़ लिया। आरोपी चालक श्यामेंद्र को बोनट पर लटकाए हुए ही करीब 100 मीटर तक गाड़ी दौड़ाता रहा।

बालबाल बची जान: गनीमत यह रही कि इस पूरे खौफनाक घटनाक्रम के दौरान श्यामेंद्र कार से नीचे नहीं गिरे और वह सुरक्षित हैं, उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है।

पुलिस ने घेराबंदी कर बदायूं चुंगी पर दबोचा: घटना की लाइव सूचना मिलते ही स्थानीय बनियाठेर थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने वायरलेस पर मैसेज फ्लैश कर कार का पीछा किया और चंदौसी की बदायूं चुंगी के पास तगड़ी घेराबंदी कर कार को रोक लिया। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर आरोपी चालक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

घायल बुजुर्ग हायर सेंटर रेफर, जांच जारी
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए द्विजेंद्र कुमार राघव को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहाँ डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

मामले की जानकारी देते हुए बनियाठेर थाना प्रभारी बोबिंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply