Noida News: नोएडा के सेक्टर150 में हुए सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत मामले में एक नाम खूब चर्चा में था, वो है मनिंदर का. हादसे का पहला चश्मदीद मनिंदर ही था. गुरुवार को पुलिस मनिंदर और उसके भाई नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का दावा है कि दोनों भाई क्षेत्र में ठेली संचालकों और रेस्टोरेंट कारोबारियों से कथित रूप से अवैध वसूली कर रहे थे. बता दें कि युवराज की कार जब गड्ढे में गिरी तो सबसे पहले मनिंदर ने ही उसे देखा था. मनिंदर ने दावा किया था कि वह युवराज को बचाने के लिए पानी में भी उतरा था, लेकिन अंधेरा होने की वजह से उसे कुछ दिखाई नहीं दिया और वह युवराज को नहीं बचा पाया.

मनिंदर और उसके भाई पर क्या आरोप?
नोएडा पुलिस के अनुसार, मनिंदर और उसके भाई नरेंद्र के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं. शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. शुरुआती जांच में सामने आया कि मनिंदर और नरेंद्र इलाके में कारोबार करने वाले लोगों को कथित रूप से डराकर और धमकाकर उनसे हर महीने रंगदारी वसूलते थे. आरोप है कि दोनों भाई साप्ताहिक बाजारों में ठेली लगाने वाले दुकानदारों और छोटे कारोबारियों से 20 से 25 हजार रुपए तक की रकम की मांग करते थे. जो लोग पैसे देने में आनाकानी करते थे, उन्हें धमकाने और कारोबार में परेशानी पैदा करने की बात करते थे.
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
नोएडा पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया. जांच के दौरान पर्याप्त तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब दोनों भाइयों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहे हैं या नहीं. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में अन्य मामलों में संलिप्तता सामने आती है तो उसके आधार पर भी आगे कार्रवाई की जाएगी.
युवराज मेहता हादसे के बाद चर्चा में आया था मनिंदर
मनिंदर का नाम कुछ समय पहले सेक्टर150 में हुए चर्चित सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता हादसे के बाद सुर्खियों में आया था. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उस दौरान युवराज मेहता की कार पानी में गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी. हादसे के बाद मनिंदर ने दावा किया था कि उसने युवराज को बचाने के लिए पानी में उतरकर मदद करने की कोशिश की थी. इस दावे के बाद वह स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया था और लोगों के बीच उसकी पहचान बनी थी. हालांकि अब रंगदारी मांगने के आरोपों में गिरफ्तारी के बाद वह एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
अन्य मामलों की भी जांच में जुटी पुलिस
नोएडा पुलिस ने बताया कि फिलहाल दोनों भाइयों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इनके खिलाफ पहले भी किसी प्रकार की शिकायतें दर्ज हुई थीं. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और दोनों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है.





