MPL 2026 के महिला मुकाबलों में चंबल घड़ियाल्स ने रॉयल निमाड़ ईगल्स को 9 विकेट से हराकर अपनी जीत की लय बरकरार रखी। वहीं, नुजहत परवीन की कप्तानी में ग्वालियर शेरनिस ने रोमांचक मुकाबले में भोपाल वुल्व्स को 2 रन से मात देकर टूर्नामेंट में अहम जीत दर्ज की।

MPL 2026 Match Results: मध्य प्रदेश लीग टी20 सिंधिया कप 2026 के महिला वर्ग में चंबल घड़ियाल्स का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। इंदौर के डेली कॉलेज मैदान पर खेले गए मुकाबले में टीम ने रॉयल निमाड़ ईगल्स को 9 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी जीत की लय को कायम रखा। बारिश के कारण यह मुकाबला 77 ओवर का कर दिया गया था, लेकिन चंबल की बल्लेबाजों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी।
वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में ग्वालियर शेरनिस ने बेहद रोमांचक मैच में भोपाल वुल्व्स को 2 रन से हराकर टूर्नामेंट में अहम जीत दर्ज की। आखिरी ओवर तक चले इस मुकाबले में कप्तान नुजहत परवीन की कप्तानी और विकेटकीपिंग ने जीत में बड़ी भूमिका निभाई।
MPL 2026: चंबल घड़ियाल्स के गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी चंबल घड़ियाल्स ने शुरुआत से ही रॉयल निमाड़ ईगल्स पर दबाव बना दिया। टीम ने पहले तीन ओवरों में ही ईगल्स को 26 रन पर दो झटके दे दिए। हालांकि इसके बाद कल्याणी जाधव और सोनिया सिंह ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 26 रन की अहम साझेदारी की। कल्याणी ने 15 गेंदों में 23 रन बनाए, जबकि सोनिया सिंह 14 रन बनाकर नाबाद रहीं। निर्धारित 7 ओवर में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने 3 विकेट पर 62 रन बनाए। चंबल की ओर से अनामिका रघुवंशी सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 2 ओवर में 11 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
MPL 2026: कनिष्का ठाकुर की तूफानी पारी से आसान हुई जीत
63 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंबल घड़ियाल्स को कनिष्का ठाकुर ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने पहले ही ओवर में 16 रन बटोरकर मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। हालांकि जिंसी जॉर्ज सिर्फ 2 रन बनाकर स्टंप आउट हो गईं, लेकिन इसका असर टीम की रनगति पर नहीं पड़ा। कनिष्का ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए नाबाद 46 रन की शानदार पारी खेली। उनके साथ कप्तान पूजा वस्त्राकर ने 15 रन बनाकर अहम योगदान दिया। चंबल ने 5.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर 9 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
MPL 2026: नुजहत परवीन और सोनम यादव ने ग्वालियर को दिलाई मजबूत स्थिति
दिन के दूसरे मुकाबले में ग्वालियर शेरनिस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। टीम को आशना पाटीदार और कप्तान नुजहत परवीन ने 31 रन की शुरुआती साझेदारी देकर मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद नुजहत और सोनम यादव ने तीसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। नुजहत परवीन ने 48 गेंदों में 50 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि सोनम यादव 49 रन बनाकर अर्धशतक से चूक गईं। अंत में सौम्या तिवारी ने नाबाद 12 रन बनाकर टीम का स्कोर 134 तक पहुंचाया।
MPL 2026: आखिरी ओवर के रोमांच में ग्वालियर शेरनिस ने मारी बाजी
135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भोपाल वुल्व्स की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। आयुषी शुक्ला ने 29 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, जबकि ऋषिता परिहार ने 9 गेंदों में 25 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। मैच का सबसे बड़ा मोड़ आखिरी ओवर में आया, जब भोपाल को जीत के लिए 7 रन चाहिए थे। इसी दौरान कप्तान नुजहत परवीन ने रीना यादव को स्टंप आउट कर मुकाबले का पासा पलट दिया। इसके बाद रिया यादव ने प्रियंका कौशल को आउट कर भोपाल की पारी 132 रन पर समेट दी। रिया यादव ने 3.4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि खुशी यादव ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट झटके और ग्वालियर को 2 रन की यादगार जीत दिलाई।





