अनुभवी खेल प्रशासक और एशियाई खेलों में निशानेबाजी में भारत के पहले स्वर्ण पदक विजेता रणधीर सिंह का बुधवार 27 मई 2026 को नई दिल्ली में उम्र संबंधित बीमारियों से जूझने के बाद निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे।

कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उन्होंने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। रणधीर सिंह अपने पीछे पत्नी विनीता और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। राजेश्वरी खुद भी एक निशानेबाज हैं। ट्रैप शूटर राजेश्वरी ने 2022 के एशियाई खेलों में रजत पदक जीता था। साथ ही 2016 की एशियाई चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल भी अपने नाम किया।
रणधीर सिंह ने स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं के कारण हाल में एशियाई ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। रणधीर सिंह को 2024 में चार साल के कार्यकाल के लिए चुना गया था।
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के सचिव राजीव भाटिया ने कहा, ‘‘गहरे दुख के साथ हम राजा रणधीर सिंह के निधन की दुखद खबर साझा कर रहे हैं जो आज 27 मई 2026 को स्वर्ग सिधार गए।’’
राजीव भाटिया ने कहा, ‘‘एक विशिष्ट ओलंपियन, अर्जुन पुरस्कार विजेता और भारत, एशिया और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति में सबसे सम्मानित खेल प्रशासकों में से एक राजा रणधीर सिंह ने निशानेबाजी खेल और ओलंपिक आंदोलन के विकास में अमूल्य योगदान दिया।’’
राजीव भाटिया ने कहा, ‘‘एनआरएआई और पूरा निशानेबाजी समुदाय इस अपूरणीय क्षति पर शोक व्यक्त करता है और उनके परिवार तथा प्रियजन के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।’’
रणधीर सिंह के शानदार खेल करियर में पांच ओलंपिक में भागीदारी और 1978 के बैंकॉक एशियाई खेलों में ऐतिहासिक ट्रैप स्वर्ण पदक शामिल था। रणधीर सिंह को 1979 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
रणधीर सिंह ने टोक्यो 1964 , मैक्सिको 1968, म्यूनिख 1972, मॉन्ट्रियल 1976, मॉस्को 1980 और लॉस एंजिल्स 1984 के ओलंपिक खेलों में हिस्सा लिया।
खेलों की तरह ही अपने सफल प्रशासनिक करियर में उन्होंने भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव के रूप में काम किया। और 2001 से 2014 तक अलगअलग पदों पर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के सदस्य भी रहे। साल 2003 में उनकी भूमिका और बढ़ गई। वह दो साल के लिए विश्व डोपिंगरोधी एजेंसी में आईओसी के प्रतिनिधि बन गए।





