शादी में पहुंचा बच्चा बार-बार मांग रहा था रसगुल्ला, हलवाई ने जलते तंदूर में फेंका!


बस्ती जनपद के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मलौली गोसाई गांव में एक विवाह समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 11 साल के बच्चे के बार-बार रसगुल्ला खाने पर कारीगर इस कदर नाराज हुआ कि उसने क्रूरते की हदें पार करते हुए मासूम को जलते तंदूर में फेंक दिया. आग की लपटों से बच्चा चेहरे से लेकर कमर तक बुरी तरह झुलस गया है. उसे गंभीर अवस्था में लखनऊ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोंडा जिले के नवाबगंज थानांतर्गत दुर्जनपुर निवासी चमन (11) पुत्र संतोष, अपनी मां के निधन के बाद से ही बस्ती के बाघानाला स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था. बुधवार को वह अपनी नानी के साथ मलौली गोसाई गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था.

बार-बार रसगुल्ला खाने पर कारीगर ने बच्चे को तंदूर में फेंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शादी में खुशी का माहौल था और चमन खेल-कूद रहा था. इसी दौरान वह भोजन स्थल पर गया और वहां रखे रसगुल्ले निकाल कर खाने लगा. आरोप है कि बार-बार रसगुल्ला निकालने पर वहां मौजूद कैटरिंग ठेकेदार अपना आपा खो बैठा. उसने पहले बच्चे को पकड़कर डराया और फिर उसे उठाकर जलते हुए तंदूर के ऊपर कर दिया. इसी बीच अनियंत्रित होकर बच्चा सीधे तंदूर के भीतर जा गिरा.

बच्चे की हालत गंभीर, आरोपी फरार
तंदूर से बच्चे की चीखें सुनकर शादी समारोह में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में परिजनों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम का शरीर बुरी तरह झुलस चुका था. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उसे तत्काल अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया. घटना के बाद आरोपी ठेकेदार मौके से फरार हो गया है.

पुलिस का दावा- जल्द गिरफ्तार होगा आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. पीड़ित के मामा देवीदीन निषाद ने आरोपी तंदूर कारीगर के खिलाफ थाने में तहरीर दी है. डीएसपी स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक बच्चा आग में जल गया है, जिस मामले में एक अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया, आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

गौरतलब है कि पीड़ित बच्चे चमन के सिर से मां का साया पहले ही उठ चुका था. वह अपने ननिहाल बाघानाला में रहकर कक्षा दो में पढ़ाई कर रहा था. नानी के साथ वह खुशी-खुशी शादी में शामिल होने गया था, लेकिन उसे क्या पता था कि वहाँ उसकी मासूमियत पर कोई इतना भारी पड़ेगा. इस घटना के बाद से ही क्षेत्र के लोगों में भारी गुस्सा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि एक मासूम के साथ ऐसी दरिंदगी करने वाले अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

Leave a Reply