क्रिकेट के मैदान पर अपने दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन से वाहवाही बटोरने वाले इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ अब कोचिंग की दुनिया में नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान फ्लिंटॉफ को सिडनी थंडर ने अपनी मेन्स टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। यह उनके कोचिंग करियर का अब तक का सबसे बड़ा और सबसे अहम कदम माना जा रहा है।

48 साल के फ्लिंटॉफ ने सिडनी थंडर के साथ दो साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है और वह पहली बार यूनाइटेड किंगडम के बाहर किसी टीम के हेड कोच की भूमिका निभाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने 11 साल से ज्यादा समय पहले बिग बैश लीग में ब्रिसबेन हीट के लिए खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लिया था।
ट्रेवर बेलिस की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी
फ्लिंटॉफ अब ट्रेवर बेलिस की जगह लेंगे, जिनसे क्लब ने फरवरी में पांच सीजन के बाद अलग होने का फैसला किया था। पिछले सीजन सिडनी थंडर का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। टीम सिर्फ दो मुकाबले जीत सकी और तीन सीजन में दूसरी बार अंतिम स्थान पर रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पद के लिए पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों शेन वॉटसन और डैन क्रिश्चियन के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन आखिरकार सिडनी थंडर ने फ्लिंटॉफ पर भरोसा जताया।
फ्लिंटॉफ ने जताई खुशी
हेड कोच बनने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में फ्लिंटॉफ ने कहा कि जब सिडनी थंडर को कोचिंग देने का अवसर सामने आया, तो जाहिर तौर पर वह उत्साहित हो गया। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आप बड़े होते हुए टीवी पर सिडनी को देखते हैं। कभी नहीं सोचते कि वहां जाने का मौका मिलेगा, और बिग बैश में सिडनी थंडर का हेड कोच बनने का मौका तो बिल्कुल भी नहीं। 1998 में महज 20 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में 227 इंटरनेशनल मैच खेले। वह टेस्ट और ODI दोनों फॉर्मेट में इंग्लैंड की कप्तानी भी कर चुके हैं। 2005 की ऐतिहासिक एशेज सीरीज में उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। टेस्ट क्रिकेट में फ्लिंटॉफ ने 3845 रन बनाए और 226 विकेट हासिल किए। इसी वजह से उन्हें इंग्लैंड के महानतम ऑलराउंडरों में शामिल किया जाता है।





