इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच में 4 जून से लॉर्ड्स के मैदान पर शुरू हुआ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला चौथे दिन के खेल के पहले सेशन में खत्म हो गया। इस मैच में पूरी तरह से गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला जिसको अंत में मेजबान इंग्लैंड की टीम 115 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही। इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को मुकाबले की चौथी पारी में 253 रनों का टारगेट दिया था, जिसमें कीवी टीम अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 138 रन बनाकर सिमट गई और उसे हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 202527 की अंकतालिका में भी बदलाव देखने को मिला है, जहां इंग्लैंड को जीत से अधिक फायदा तो नहीं हुआ लेकिन न्यूजीलैंड की टीम दूसरे से सीधे चौथे नंबर पर पहुंच गई है।

साउथ अफ्रीका और श्रीलंका को एकएक स्थान का हुआ फायदा
न्यूजीलैंड की टीम जो इस टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले WTC 202527 की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर थी वह अब लॉर्ड्स टेस्ट मैच में हार के बाद चौथे नंबर पर पहुंच गई है जिसमें उसके 4 मैचों में 2 जीत, एक हार और एक ड्रॉ के साथ 58.33 फीसदी अंक हैं। वहीं इंग्लैंड को लेकर बात की जाए तो वह सीरीज शुरू होने से पहले भी 7वें नंबर पर ही थी और इस मैच में जीत के बाद भी उसी पोजीशन पर मौजूद है। हालांकि उसके अंकों के जीत प्रतिशत में सुधार जरूर देखने को मिला है जो अब 37.88 पीसीटी हो गया है। कीवी टीम की हार का फायदा साउथ अफ्रीका और श्रीलंका की टीम हुआ है, जिसमें दोनों ने 11 स्थान का सुधार किया है। साउथ अफ्रीका जहां अब 75 फीसदी अंक प्रतिशत के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गई है तो वहीं श्रीलंका 66.67 पीसीटी के साथ तीसरे नंबर पर आ गई है। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम 87.50 अंक प्रतिशत के साथ पहले नंबर पर काबिज है।
टीम इंडिया छठे जबकि पाकिस्तान 8वें नंबर पर
WTC 202527 अंकतालिका में बाकी टीमों की स्थिति को लेकर बात की जाए तो उसमें 58.33 अंक प्रतिशत के साथ बांग्लादेश पांचवें नंबर पर मौजूद है तो वहीं छठे नंबर पर भारतीय टीम है जिसमें उनके अभी अंकों का प्रतिशत 48.15 का है। 8वें नंबर पर पाकिस्तानी टीम है जिनका 4 मैच खेलने के बाद सिर्फ 8.33 अंक प्रतिशत है। वहीं अंतिम पायदान पर वेस्टइंडीज की टीम मौजूद है जिन्होंने इस चक्र में कुल 8 मैच खेले हैं और उसमें एक में भी जीत हासिल नहीं कर सके और उनके अंकों का प्रतिशत 4.17 का है।





