यूपी में पिछले 24 घंटे के दौरान तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली के कारण कुल करीब 24 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. सोमवार सुबह से ही खराब मौसम के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा. कई जिलों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, वहीं किसानों की आम की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है.

कल पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी तक तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिला. गोरखपुर में खराब मौसम के कारण हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं. तेज आंधी और कम दृश्यता के चलते तीन उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट करना पड़ा, जबकि एक फ्लाइट रद्द कर दी गई. इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
लिंटर गिरने से मासूम भाईबहन की मौत
आगरा में दर्दनाक हादसे में एक मकान का लिंटर गिरने से मासूम भाईबहन की मौत हो गई, जबकि उनके मातापिता और एक बहन गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. संभल में भी बारिश के दौरान मकान की छत गिरने से एक छात्रा की मौत हो गई.
गोरखपुर में 4 लोगों की हुई मौत
गोरखपुर और बस्ती मंडल में आकाशीय बिजली और आंधी से चार लोगों की मौत हो गई. बलिया में एक और गाजीपुर में तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया है. वहीं बागपत में भी एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि बुंदेलखंड क्षेत्र में दो लोगों की जान चली गई.
गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और अंबेडकरनगर जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। कई इलाकों में लोग बिजली कटौती और जलभराव की समस्या से जूझते रहे.
जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और पेड़ों या खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है. वहीं राहत और बचाव टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं.





