उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर लगातार लगाम लगाने की कवायद जारी है। इस बीच झांसी में सोशल मीडिया पर तमंचा लहराकर दबंगई दिखाने वाले एक युवक को पुलिस ने कड़ा सबक सिखाया है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल का रास्ता दिखा दिया है। पुलिस ने ये एक्शन सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद लिया है, जिसमें युवक कार में बैठकर अवैध तमंचा लहराता नजर आ रहा है।

तमंचा लहराते हुए बनाया वीडियो
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान अमित वर्मा के रूप में हुई है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद युवक का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें उसके हावभाव बदले नजर आए। इस वीडियो में वह हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया।
जानकारी के मुताबिक, ये मामला झांसी के मोठ थाना क्षेत्र का है। यहां एक युवक कार के अंदर बैठकर तमंचे को लोड और अनलोड करता नजर आया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। कई लोगों ने इस वीडियो पर सवाल उठाए और इसे कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली हरकत करार दिया। इसके बाद वीडियो पुलिस तक पहुंचा, जिस पर तुरंत एक्शन लेते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ की, जिसमें पता चला कि आरोपी का नाम अमित वर्मा है, जो मोठ का निवासी है।
गिरफ्तारी के बाद आया माफी मांगते हुए वीडियो
पुलिस की गिरफ्त में आते ही युवक की दबंगई धरी रह गई। गिरफ्तारी के बाद युवक वीडियो एक वीडियो में अपनी हरकत के लिए हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दिया। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की बात कही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जेल भेज दिया है। झांसी पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के लिए किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस सख्ती को जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के क्रम में बड़ी चेतावनी माना जा रहा है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
रिपोर्ट: आकाश राठौर





