UttarPradesh: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी का नया और बेहद आधुनिक प्रदेश कार्यालय बनने जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित की गई खुली ईनीलामी में भाजपा ने सबसे ऊंची बोली लगाते हुए जियामऊ इलाके में यह जमीन खरीदी है। मिली जानकारी के मुताबिक, इस प्राइम लोकेशन की जमीन को पार्टी ने करीब 45 करोड़ रुपए की भारीभरकम बोली लगाकर अपने नाम किया है।

बता दें, पार्टी सूत्रों के अनुसार यह नया प्रदेश कार्यालय सर्वसुविधायुक्त और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। इस बहुमंजिला इमारत को 6 से 10 मंजिल का आकार दिए जाने की योजना है। इस नए मुख्यालय की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसकी सबसे ऊपरी मंजिल पर एक आधुनिक हेलीपैड बनाने की तैयारी चल रही है, जिससे वीवीआईपी मूवमेंट और आपातकालीन स्थितियों में सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी। इसके अलावा, आगामी चुनावों और रणनीतियों को धार देने के लिए इसमें एक वर्ल्डक्लास डिजिटल वॉर रूम भी स्थापित किया जाएगा।
पार्टी के बड़े आयोजनों और बैठकों के लिए इस परिसर में 1000 लोगों की बैठक क्षमता वाला एक विशाल और आधुनिक ऑडिटोरियम भी तैयार किया जाएगा। इस नए कार्यालय भवन के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। माना जा रहा है कि आगामी जुलाई महीने में इस भव्य भवन का शिलान्यास किया जा सकता है। इस ऐतिहासिक शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के शामिल होने की पूरी संभावना है।
ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं।





