
मिडिल-ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच जारी ताजा बमबारी और भारी तनाव के बीच सर्राफा बाजार से एक बहुत बड़ी खबर आ रही है। सोने और चांदी की कीमतों में इस समय जबरदस्त गिरावट देखने को मिल रही है। हफ्ते के चौथे दिन यानी गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों ही भारी कमजोरी के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। अगर आप भी सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।
बाजार खुलते ही औंधे मुंह गिरे भाव
सुबह करीब 10.12 बजे के आसपास एमसीएक्स पर 5 अगस्त की डिलीवरी वाला सोना 0.45 प्रतिशत यानी 660 रुपये की गिरावट के साथ 1,47,357 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा था। वहीं दूसरी तरफ, चमकीली धातु चांदी में भी भारी कमजोरी देखी गई। 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी की कीमतें 0.43 प्रतिशत यानी 1005 रुपये की गिरावट के साथ 2,34,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।
सोने की कीमतों में आई बड़ी गिरावट
गुरुवार को बाजार खुलते ही सोने में सुस्ती देखी गई। 5 अगस्त की डिलीवरी वाला सोना गिरावट के साथ 1,46,518 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर खुला, जबकि बुधवार को यही सोना 1,48,017 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर बंद हुआ था। आज कारोबार के दौरान सोने की कीमत 1,47,620 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊंचे स्तर (इंट्राडे हाई) से लेकर 1,46,444 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर (इंट्राडे लो) तक पहुंच चुकी है।
चांदी का भाव भी बुरी तरह टूटा
सोने के साथ-साथ चांदी के खरीदारों के लिए भी बड़ी राहत की खबर है। 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी की कीमतें आज भारी गिरावट के साथ 2,31,671 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर खुलीं, जबकि बुधवार को बाजार बंद होने पर यह 2,35,505 रुपये के भाव पर थी। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। आज दिनभर के कारोबार के दौरान चांदी का भाव 2,34,527 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे हाई से लेकर 2,30,493 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे लो तक गोता लगा चुका था।
दिल्ली के सर्राफा बाजार का हाल
आपको बताते चलें कि इससे पहले बुधवार को भी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक और जबरदस्त गिरावट देखने को मिली थी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें एक ही दिन में 10,000 रुपये (लगभग 4 प्रतिशत) की भारी-भरकम गिरावट के साथ 2,45,700 रुपये प्रति 1 किलोग्राम पर आ गई थीं। चांदी के अलावा, दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव भी 4300 रुपये (लगभग 3 प्रतिशत) टूटकर 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था।
आखिर क्यों लगातार गिर रहे हैं सोने-चांदी के दाम?
बीते कुछ दिनों से सोने और चांदी की कीमतों में लगातार आ रही इस भारी गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय वजहें काम कर रही हैं। बाजार के जानकारों और एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से कच्चा तेल (क्रूड ऑयल) 90 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। कच्चे तेल के महंगे होने से अमेरिकी डॉलर को मजबूती मिली है, जिसका सीधा असर सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ा और इनके दाम नीचे आ गए। इसके अलावा एनर्जी की कीमतों में आए इस बड़े उछाल से दुनिया भर में महंगाई के लंबे समय तक ऊपर बने रहने और ब्याज दरें ऊंची रहने की आशंका बढ़ गई है, जिससे निवेशकों के बीच सोने-चांदी को लेकर आकर्षण कम हुआ है।





