
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर बुधवार रात ट्रक का ब्रेक फेल होने से दो कारों और ट्रेलर से टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों कारों में आग लग गई, जिसमें सवार सात लोगों के जिंदा जलने की आशंका है।
यूपी के मिर्जापुर में ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान पर बुधवार रात करीब आठ बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक दर्दनाक घटना सामने आई। दुर्घटना के बाद दो चार पहिया वाहनों में आग लग गई, जिसमें सवार सात लोगों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रक ड्रमंडगंज पहाड़ी से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक पहले दो कारों से जा टकराया और फिर आगे खड़े एक ट्रेलर में जा भिड़ा। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कारों में सवार लोग अंदर ही फंस गए थे और बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे। स्थानीय लोग भी उनकी मदद के लिए दौड़े, लेकिन तभी जोरदार धमाके के साथ वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कारों में सवार सभी लोग उसकी चपेट में आ गए।
सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, जिसके बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और मृतकों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।




