
Delhi News: राजधानी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में हुए सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मुख्य आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने उसे द्वारका स्थित एक होटल से पकड़ा. पुलिस के मुताबिक, राहुल मीणा (19) पहले IRS अधिकारी के घर पर नौकर के रूप में काम करता था. उसे करीब दो महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था. घटना के बाद से ही पुलिस को उसी पर शक था.
CCTV में कैद हुआ आरोपी राहुल मीणा
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी करीब 6:30 बजे कॉलोनी में दाखिल हुआ और 6:39 बजे घर में घुसा. करीब 7:20 बजे वह वहां से निकल गया. पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान पुख्ता की. घटना बुधवार सुबह की है, जब युवती के माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान आरोपी राहुल मीणा ने घर में घुसकर मोबाइल चार्जिंग केबल से युवती का गला घोंट दिया. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
घर से ढाई लाख रुपए भी लूट ले गया
प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या से पहले यौन उत्पीड़न की आशंका जताई गई. पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ रेप, मर्डर और लूट की धाराओं में मामला दर्ज किया है. आरोप है कि वह घर से करीब ढाई लाख रुपए भी लेकर फरार हो गया था. जांच में यह भी सामने आया कि राहुल ने दिल्ली आने से कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में भी एक महिला के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया था. इस संबंध में वहां भी मामला दर्ज हुआ है.
15 टीमों ने चलाया ऑपरेशन
दिल्ली पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा की गिरफ्तारी के लिए 15 टीमें गठित की थीं, जिन्हें दिल्ली और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में भेजा गया. संयुक्त प्रयासों के बाद आरोपी को द्वारका के एक OYO होटल से गिरफ्तार किया गया. पुलिस जांच में सामने आया कि घर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए एक अतिरिक्त चाबी रखी जाती थी, जिसकी जानकारी आरोपी राहुल को थी. इसी चाबी का इस्तेमाल कर उसने घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया.
बेहोशी की हालत में मिली थी IRS की बेटी
दिल्ली पुलिस के जॉइंट कमिश्नर विजय कुमार ने बताया कि आज सुबह मृतका के परिजनों ने सूचना दी थी. हॉस्पिटल से भी जानकारी मिली थी. IRS अधिकारी की बेटी घर के एक फ्लोर पर बेहोशी की हालत में मिली. माता-पिता सुबह मॉर्निग वॉक पर गए थे. जब लौटकर देखा तो बच्ची बेहोश थी. ये लोग उसे हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
नौकरी से हटाने से नाराज था राहुल मीणा
जॉइंट कमिश्नर विजय कुमार ने बताया कि IRS अधिकारी ने अपने ऑफिस के एक कलिग के रेफरेंस से राहुल मीणा को एक साल पहले घर में काम पर रखा था. दो महीने पहले इसको नौकरी से निकाल दिया था. नौकरी से हटाने की वजह ये थी कि राहुल आसपास की दुकानों से जो घर का समान आता था, उसमें पैसों की हेराफेरी करता था. ये बात घरवालों को पता लग गई थी. इसलिए इसको निकाल दिया गया. इसी का बदला लेने के लिए राहुल ने इस वारदात को अंजाम दिया.
ऑनलाइन गेम खेलने के लिए उधार पैसे लेता था
जॉइंट कमिश्नर विजय कुमार ने बताया कि इसके साथ आरोपी राहुल ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था. घर से उधार पैसे लेता था, लेकिन वापस नहीं करता था. हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद बाद इसने कपड़े भी बदले और घर से भाग गया. एक दिन पहले 21 अप्रैल को अलवर में भी इसने रेप की एक वारदात को अंजाम दिया था. हो सकता है कि इसकी मनोवृत्ति इसी प्रकार की हो.
जॉइंट कमिश्नर विजय कुमार ने बताया कि बच्ची का रूम ऊपर फ्लोर पर है, जहां पर इसने वारदात को अंजाम दिया. घर से ढाई लाख रुपए भी लेकर गया था. जॉइंट कमिश्नर विजय कुमार के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं और उससे पूछताछ जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर कड़ी को जोड़कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा.




