गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद से एक बड़ी खबर है। यहां के पटेल नगर स्थित एक एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि सर्विस सेंटर में रखे एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसर लगातार धमाकों के साथ फटते रहे। हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई वाहन जलकर राख हो गए।

क्या है पूरा मामला?
सुबह करीब 3 बजकर 5 मिनट पर फायर विभाग को पटेल नगर के प्लॉट नंबर एफ87 स्थित एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से अग्निशमन अधिकारी और कई फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए।
मौके पर पहुंची फायर टीम ने देखा कि तीन मंजिला इमारत पूरी तरह आग की चपेट में थी। अंदर रखे गैस सिलेंडरों और एसी कंप्रेसरों में लगातार ब्लास्ट हो रहे थे। घनी आबादी वाले इलाके में आग फैलने का खतरा भी बना हुआ था। चारों तरफ काला धुआं और ऊंची लपटें दिखाई दे रही थीं।
फायर विभाग की टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए चार हौज पाइप लगाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। आग की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर फायर स्टेशन से भी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया।
करीब आठ दमकल गाड़ियों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
आग की वजह से पूरी बिल्डिंग को भारी नुकसान पहुंचा है। इस घटना में दो कार और करीब दस मोटरसाइकिलें भी जल गईं। सर्च ऑपरेशन के दौरान भूतल पर एक बुजुर्ग व्यक्ति मृत अवस्था में मिले, जिनकी पहचान लगभग 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सर्विस सेंटर का मालिक ओंकार तोमर है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। घटना से इलाके के लोग सहमे हुए हैं।





