अच्छी सेहत बनाने के लिए थाली में रोटी का भी महत्व बढ़ गया है. अब लोग सिर्फ गेहूं ही नहीं बल्कि अलगअलग आटे की रोटी खाना पसंद करते हैं. कोई गेहूं की रोटी को सबसे बेहतर मानता है, तो कोई ज्वार, बाजरा और रागी जैसी मोटे अनाज की रोटियों को सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद बताता है. दरअसल, हर अनाज की अपनी अलग पोषण क्षमता होती है और उसी के अनुसार उसकी कैलोरी भी अलगअलग होती है. यही वजह है कि वजन कम करने वाले लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर किस रोटी में कितनी कैलोरी होती है और कौनसी रोटी शरीर के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकती है.

असल में केवल कैलोरी ही किसी रोटी को हेल्दी या अनहेल्दी नहीं बनाती, बल्कि उसमें मौजूद फाइबर, प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स भी बहुत मायने रखते हैं. चलिए इस आर्टिकल में आपको भी बताते हैं कि गेहूं, ज्वार, बाजरा और रागी की रोटियों में कितनी कैलोरी होती है और आपके लिए कौन सी रोटी फायदेमंद है.
गेहूं के आटे की रोटी
भारतीय घरों में गेहूं के आटे की रोटी सबसे ज्यादा खाई जाती है. ये स्वाद और पोषक तत्वों से भरपूर तो होती है. लेकिन ग्लाइसेमिक इंडेक्स ज्यादा होने की वजह से डायबिटीज के मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकती है. ऐसे में उन्हें इसे खाने की सलाह नहीं दी जाती है. इसकी कैलोरी की बात करें तो एक मीडियम शेप की रोटी में लगभग 70 से 100 कैलोरी होती है. हालांकि, न्यूट्रिशन की बात करें तो इसमें फाइबर, प्रोटीन, आयरन, विटामिन B और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं.
ज्वार के आटे की रोटी
ज्वार का आटा आजकल फिटनेस फ्रीक लोगों की पहली पसंद बन गया है. ये एक सुपरफूड की कैटेगरी में आता है. इसकी सबसे खास बात ये है कि ये ग्लूटेन फ्री होता है. ऐसे में जिन लोगों को ग्लूटेन से एलर्जी है उनके लिए एक अच्छा ऑप्शन है. कैलोरी की बात करें तो 1 ज्वार की रोटी में 100 से 120 कैलोरी होती है. इसके अलावा इसमें फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ज्वार की रोटी पाचन को सुधारने, कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित रखने और वजन घटाने में मदद कर सकती है.
बाजरे के आटे की रोटी
बाजरे की तासीर गर्म होती है. ऐसे में इसे सर्दियों में खाना ज्यादा फायदेमंद बताया जाता है. ये शरीर को गर्म रखने में मदद करता है और पाचन को भी दुरुस्त रखता है. बाजरे के आटे की 1 रोटी में 110 से 120 कैलोरी होती है. वहीं, ये फाइबर, प्रोटीन, आयरन, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस का अच्छा स्रोत माना जाता है. यह हड्डियों को मजबूत बनाने और शरीर की कमजोरी दूर करने में मदद करता है. ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होने की वजह से डायबिटीज के मरीजों के लिए भी अच्छा ऑप्शन है.
रागी के आटे की रोटी
रागी को सुपरफूड कहा जाता है. इसके आटे की बनी 1 रोटी में 85 से 90 कैलोरी पाई जाती हैं. इसके अलावा इसमें कैल्शियम, आयरन, अमीनो एसिड और एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इसे खाने के बाद लंबे समय तक भूख नहीं लगती है. जिसकी वजह से ये वजन कम करने वालों के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है.





