चांदी में आई 4400 रुपये से ज्यादा की गिरावट, सोना हुआ इतना सस्ता​

सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन यानी 8 जून को आम ग्राहकों और निवेशकों के लिए कमोडिटी बाजार से एक बड़ी खबर सामने आई है. लंबे समय से महंगाई की मार झेल रहे लोगों को सर्राफा बाजार ने आज थोड़ी राहत दी है. दरअसल, सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है. बाजार खुलने के साथ ही पीली धातु पर दबाव देखने को मिला, जिसके चलते सोने के दाम 1,200 रुपये से ज्यादा गिर गए, वहीं चांदी में भी 4,400 रुपये से ज्यादा की जबरदस्त टूट दर्ज की गई है. इस बड़ी गिरावट के पीछे की वजह पश्चिम एशिया में एक बार फिर से गहराता तनाव और वैश्विक बाजारों में छाई कमजोरी है.

चांदी में आई 4400 रुपये से ज्यादा की गिरावट, सोना हुआ इतना सस्ता​

MCX पर औंधे मुंह गिरा सोना

घरेलू वायदा बाजार में आज सोने की शुरुआत बेहद कमजोर रही. सुबह 9:23 बजे तक एमसीएक्स पर अगस्त वायदा 1,214 रुपये टूटकर 1,54,380 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था. यह पिछले बंद भाव की तुलना में करीब 0.78 प्रतिशत की गिरावट है. बाजार के तकनीकी आंकड़ों पर नजर डालें तो ओपन इंटरेस्ट में शॉर्ट बिल्डअप का रुझान साफ दिख रहा है. बाजार की भाषा में इसका सीधा सा अर्थ यह है कि ट्रेडर्स को सोने की कीमतों में अभी और गिरावट आने की आशंका है, जिसके चलते बाजार में गिरावट के पक्ष में लगातार नए सौदे जुड़ रहे हैं.

चांदी की चमक भी पड़ी फीकी

सोने के साथसाथ चांदी में भी आज भारी बिकवाली का दबाव देखने को मिला है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। एमसीएक्स पर सुबह 9:26 बजे तक जुलाई वायदा का भाव 4,463 रुपये लुढ़ककर 2,44,074 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया. प्रतिशत के हिसाब से यह करीब 1.80 फीसदी की बड़ी गिरावट है. चांदी के सौदों में लॉन्ग अनवाइंडिंग की स्थिति बन रही है. यानी जिन निवेशकों ने पहले इस उम्मीद में खरीदारी की थी कि कीमतें ऊपर जाएंगी, वे अब बाजार का रुख बदलता देख अपना घाटा कम करने के लिए पुराने सौदे तेजी से काट रहे हैं.

सर्राफा बाजार में कितनी मिली राहत

वायदा बाजार की ही तरह रिटेल यानी इंडिया बुलियन मार्केट में भी नरमी का माहौल है. आम खरीदार जो सीधे दुकानों से गहने खरीदते हैं, उनके लिए भी आज कीमतें कम हुई हैं. ताजा आंकड़ों के मुताबिक, हाजिर बाजार में आज सोने का भाव 1,150 रुपये गिरकर 1,54,610 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है, जो 0.74 प्रतिशत की कमजोरी दर्शाता है. इसी तरह हाजिर चांदी भी 3,950 रुपये टूटकर 2,45,160 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है. यहां भी चांदी में 1.59 प्रतिशत की सीधी गिरावट आई है.

पश्चिम एशिया का तनाव बना वजह

दरअसल, पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है. इजराइल की तरफ से ईरान के कुछ सैन्य ठिकानों पर हमले की घोषणा की गई है. इस आक्रामक रुख ने निवेशकों की चिंता को काफी बढ़ा दिया है. बाजार को डर है कि क्षेत्र में बना नाजुक सीजफायर अब किसी भी वक्त टूट सकता है. अमूमन तनाव के समय सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग बढ़ती है, लेकिन फिलहाल वैश्विक बाजारों में व्याप्त चौतरफा कमजोरी के बीच निवेशकों का रुख पूरी तरह बदल गया है, जिससे सोने और चांदी दोनों की कीमतों पर भारी दबाव बन गया है.

Leave a Reply